सिंदुरिया में अराजक तत्वों ने तोड़ी अंबेडकर प्रतिमा, मौके पर पहुंचे बीएसपी नेता, नई मूर्ति लगाने की बनी सहमति
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 11 Oct, 2025
- 214
महराजगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंदुरिया की दलित बस्ती में शनिवार की रात अराजक तत्वों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। किसी प्रकार की अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस बल पूरी रात मुस्तैद रही।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तत्काल मूर्ति की रिपेयरिंग कराए जाने की पहल की और मूर्ति स्थल पर कैमरे लगाए जाने की बात कहकर लोगों को शांत कराया। हालांकि, बाद में अंबेडकरवादी संगठनों ने खंडित मूर्ति को रिपेयर करने से इनकार करते हुए नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर अड़े रहे।
सूचना पर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के जिलाध्यक्ष नारद राव, उपाध्यक्ष तबारक हुसैन, जिला सचिव नंदू प्रसाद और सीताराम सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रतिमा की मरम्मत कराकर स्थल पर दो सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए गए हैं। ग्रामसभा निवासी महेश प्रसाद की ओर से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

